फरीदाबाद से बस से अलीगढ़ जाने वाले यात्रियों की समस्या बढ़ गई है। खराब रूट के कारण फरीदाबाद एवं पलवल बस डिपो ने चार बसों का संचालन बंद कर दिया है। यात्रियों को अब दो से तीन घंटे में बसें मिलेंगी।
रूट खराब होने के कारण रोडवेज ने अब सिर्फ 10 बसों को चलाने का निर्णय लिया है। गौरतलब है कि रूट खराब के कारण 10 दिन पहले भी फरीदाबाद बस अड्डे से आठ और पलवल से छह बसों को बंद किया गया था। अब यात्रियों को केवल सात बसों की सेवा मिलेगी।
विभाग से मिली जानकारी अनुसार खराब रूट के कारण बसों को काफी क्षति पहुंच रही है। आए दिन बसें खराब हो कर बस डिपो पर खड़ी हो रही हैं। ड्यूटी इंस्पेक्टर इदरीस खान ने बताया कि खराब रूट के कारण बसें चलाने में परेशानी आ रही है। मेंटेनेंस का खर्च बढ़ रहा है इसलिए संख्या कम की जा रही है।
आगरा की बसें भी हो चुकी हैं बंद
इससे पहले पिछले सप्ताह ही हरियाणा रोडवेज ने राजस्व कम मिलने के कारण बल्लभगढ़ से आगरा चलने वाली
बस के तीन रूट बंद कर दिए हैं। इससे सवारियों को परेशानी का सामना करना
पड़ रहा है।
हरियाणा रोडवेज बस के बल्लभगढ़ बस अड्डे से आगरा के लिए छह रूट चलते
थे। इसलिए सवारियों को बल्लभगढ़ बस अड्डे पर दूसरे प्रदेशों से आने वाली
बसों की इंतजार में ज्यादा समय तक नहीं बैठना पड़ता था। अब सरकार ने
बल्लभगढ़ से आगरा के लिए चलने वाली बसों के तीन रूट बंद कर दिए हैं। अब
सिर्फ दिन में तीन रूट चलेंगे।रूट बंद होने के कारण बल्लभगढ़ से आगरा जाने
वाली सवारियों को अब उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश व दिल्ली की बसों के ऊपर
निर्भर होना पड़ रहा है। जबकि फरीदाबाद के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की आबादी करीब 16 लाख है।
आबादी के हिसाब से आगरा के चक्कर बढ़ाने की आवश्यकता होनी चाहिए, यहां ठीक
उल्टा है और इसके विपरीत रूट बंद किए गए हैं।