न्यू उस्मानपुर में छठी कक्षा की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। उसका अर्द्धनग्न शव कमरे में खून से लथपथ फर्श पर पड़ा मिला। दुष्कर्म के बाद उसका गला घोंटा गया।
उधर, बच्ची की हत्या की खबर के बाद इलाके में तनाव है। पुलिस ने मकान मालिक व उसके बेटे समेत तीन को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक सलमा (12, बदला नाम) अपनी मां के साथ तीसरा पुश्ता न्यू उस्मानपुर में मोहम्मद आकिल के मकान में किराये पर रहती थी।
छुट्टियां थी तो घर पर अकेली थी सलमा
सलमा की दो बहनों और तीन भाइयों की शादी हो चुकी है और सभी अलग रहते हैं। वह पास के सरकारी स्कूल में छठी कक्षा की छात्रा थी। उसकी मां दरियागंज में छोटा-मोटा काम करती है।
फिलहाल छुट्टियां होने से सलमा दिन में घर पर अकेली होती थी। मंगलवार रात करीब 8.00 बजे जब उसकी मां घर पहुंची तो देखा कि सलमा कमरे में अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ी थी।
उसके शरीर से खून बह रहा था। पड़ोसियों की मदद से फौरन उसे जगप्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, जैसे ही इलाके में मौत की खबर मिली लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
नहीं पता चला गैंगरेप हुआ या फिर रेप
घटना के बाद से इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। स्थानीय लोगों के बयान व छानबीन के बाद पुलिस ने मकान मालिक आकिल, उसके बेटे व एक अन्य युवक को दबोचा है।
लोगों का कहना था कि आकिल के कपड़ों पर खून लगा था। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि सलमा के साथ गैंगरेप हुआ या दुष्कर्म। तीनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हो जाएगा।
बंद दरवाजा खुला तो देखा फर्श पर पड़ी थी बेटी की लाश
सलमा की मां जब कमरे में पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह उसने दरवाजा खोला तो उसके होश उड़ गए। बेटी फर्श पर अचेत पड़ी थी। कमरे का एक अन्य दरवाजा खुला था।
पुलिस की माने तो यह दरवाजा दूसरे किरायेदार के कमरे में खुलता था। हालांकि यह बहुत ही कम खुलता था। फिलहाल उस कमरे का किरायेदार परिवार के साथ दिल्ली से बाहर था। आकिल व उसका बेटा इस दरवाजे के बारे में अच्छी तरह जानता था।
पुलिस के मुताबिक मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है, फिलहाल मकान मालिक व उसके बेटे समेत तीन से पूछताछ की जा रही है।