साइबर सिटी के लोगों की ट्रांसपोर्ट की समस्या जल्द खत्म होगी। शहर में 500 सिटी बसें चलाने के लिए गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी और दिल्ली इंटीग्रेटिड मल्टी मॉडल ट्रांजिट सिस्टम लिमिटेड के बीच एमओयू साइन किया गया।
डिम्टस के सीईओ व एमडी एम रामशेखर और जीएमडीए के ओएसडी वी. उमाशंकर ने एमओयू साइन किया। दिसंबर तक साइबर सिटी को 500 सिटी बसों की सौगात मिलने की उम्मीद है। डिम्टस बस सर्विस का डिजाइन तैयार करेगा।
अगर इस साल के अंत तक 500 बसें मिल जाएंगी तो गुरुग्राम में परिवहन की समस्या खत्म हो जाएगी। जीएमडीए ने बसों के संचालन के लिए पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी है। चार जगहों पर बस डिपो और बस स्टैंड बनाने के लिए जगह चिह्नित कर दी गई है।
ये जगह की गई चिह्नित
जीएमडीए ने सिटी बस सर्विस के लिए डिपो और बस स्टैंड बनाने के लिए हुडा और नगर निगम से चार जगहों पर जमीन मांगी है। कादीपुर में 1.3 एकड़, सेक्टर 53 में 4.6 एकड़ सेक्टर 33 में 1.2 एकड़ और एमजी रोड पर सेंट्रल मॉल के नजदीक लगभग तीन एकड़ जमीन देने के लिए हुडा और नगर निगम से बातचीत की जा रही है।
500 बसों में एसी और नॉन एसी कैटेगिरी की बसें शहर में संचालित की जाएंगी। इसके लिए अलग.अलग रूटों को तय करके बसों के फेरों की संख्या भी निर्धारित की जाएगी।
जीएमडीए और डिम्टस के बीच 500 सिटी बसें चलाने के लिए एमओयू साइन किया गया है। दिसंबर तक शहर में बसें चलने की उम्मीद है।