यू-ट्यूब इंफ्लूएंसर और बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता एल्विश यादव से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने गुजरात के वडनगर निवासी साकिर को गिरफ्तार किया है। एल्विश के व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज देकर आरोपी ने यह रंगदारी मांगी थी।
रंगदारी ने देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धमकी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल और सिम कार्ड को बरामद कर लिया है। आरोपी का नेटवर्क खंगालने के लिए पुलिस अब उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में है।
एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि गुरुग्राम के सेक्टर-52 के वजीराबाद निवासी एल्विश यादव ने बुधवार 25 अक्तूबर को इस प्रकरण में पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बीते माह अपने मैनेजर के साथ लंदन गए थे। जब वह 17 अक्तूबर को वापस लौटकर आए, तब उन्हें वाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज मिले।
ऐसे ही मैसेज उनके साथ गए दोस्त / मैनेजर के मोबाइल पर भी आए थे। कुछ मैसेज में पहले 40 लाख और बाद में एक करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। रकम ट्रांसफर नहीं करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। एल्विश की इस शिकायत पर थाना सेक्टर-53, गुरुग्राम में धारा 384, 387 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया।
हाईप्रोफाइल मामला होने के कारण पुलिस ने इस मामले में तत्काल ही पड़ताल शुरू कर दी। इसके लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस के माध्यम से पुलिस ने पता लगाया कि आरोपी गुजरात के वडनगर का रहने वाला है। इस पर गुजरात पुलिस से संपर्क किया गया और एक टीम को गुजरात के लिए रवाना कर दिया। एसीपी ने बताया कि गुजरात पुलिस की मदद से आरोपी साकिर मकराणी निवासी अंतुल दरवाजा, नजदीक महालक्ष्मी तेल मिल, वडनगर को धर दबोचा।
कौन हैं एल्विश यादव?
एल्विश यादव एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं, जिनका जन्म हरियाणा के गुरुग्राम में हुआ था। पेशेवर रूप से, एल्विश यादव एक यूट्यूबर और सोशल मीडिया व्यक्तित्व हैं। उनके यूट्यूब चैनल एल्विश यादव के इस समय लगभग 14.5 मिलियन सब्सक्राइबर हैं। उनके पास एल्विश यादव व्लॉग्स नाम से एक और यूट्यूब चैनल है, जहां उनके लगभग 7.5 मिलियन सब्सक्राइबर हैं। एल्विश यादव इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय हैं, जिस पर उनके 16 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं।