गुरुग्राम। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिलेगा। शिक्षा विभाग की ओर से इन विद्यार्थियों के लिए अलग से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
इसमें विद्यार्थी अपने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत कर सकेंगे। विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक सोच और नई चीजें सीखने का मौका मिलेगा। इससे विद्यार्थी किताबी ज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझ सकेंगे। साथ ही उन्हें अपनी सोच को मॉडल के माध्यम से दूसरों के सामने रखने और अपनी प्रतिभा दिखाने का असर मिलेगा। शिक्षा विभाग की ओर से प्रदर्शनी के आयोजन की तिथि निर्धारित नहीं की गई है। तिथि तय होने के बाद आयोजन से जुड़ी अन्य जानकारी साझा की जाएगी। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, सवाल पूछने, नए प्रयोग करने और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए केवल मॉडल प्रस्तुत करने का मंच नहीं होगी, बल्कि उन्हें अपनी रुचि के अनुसार नए विचारों पर काम करने का अवसर भी मिलेगा। संवाद