फोटो कैप्शन:- सीवर लाइन बिछाने का कार्य करते मजदूर
पिनगवां। ग्राम पंचायत गंगवानी के पापड़ी गांव में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। गांव में पानी की निकासी के लिए सीवर लाइन दबाने का कार्य शुरू किया गया है। इसके पूरा होने के बाद ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से निजात मिलने के साथ ही आवागमन में भी सुविधा होगी।गौरतलब है कि पापड़ी गांव में लंबे समय से पानी जमा होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से अकबरपुर से पापड़ी आने-जाने वाले ग्रामीणों को काफी दिक्कतें होती थी। रास्ते में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ती थी। ग्रामीणों को इस समस्या से राहत दिलाने के लिए पानी निकासी की व्यवस्था की जा रही है।
जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद ने बताया कि गांव में पानी निकासी के लिए सीवर लाइन दबाने का कार्य किया जा रहा है। प्रयास है कि इस कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय से बनी समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता है। ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्य पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।