सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से लगाई सुरक्षा की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अतिक्रमण हटाने के नाम पर 10 साल की बेटी के साथ बदसलूकी और भाई के साथ धक्कामुक्की का आरोप सेक्टर-81 स्थित विपुल लावण्या सोसाइटी की महिला प्रज्ञा सिंह ने लगाया है। महिला ने खेड़कीदौला पुलिस स्टेशन में बृहस्पतिवार को आरडब्ल्यूए के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसमें धक्का मुक्की और बच्ची के साथ हाथापाई और छेड़छाड़ का आरोप है। महिला प्रज्ञा सिंह ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है कि उसे न्याय दिलाया जाए।
विपुल लावण्या सोसाइटी के टावर चार स्थित ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाली सिंगल मदर दो नाबालिग बेटियों के साथ रहती है। यह घटना 23 अगस्त की है। महिला का आरोप है कि आरडब्ल्यूए और प्रबंधन के लोगों ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर उनके साथ अभद्रता की। उनकी 10 साल की बेटी के साथ हाथापाई और बदसलूकी की। काफी संख्या में आरडब्ल्यूए और प्रबंधन के लोग उनके घर में घुस आए। उस वक्त मौजूद उनके भाई ने जब विरोध किया तो उनके साथ भी झगड़ा किया गया। इस समय उनकी दस साल की बेटी मौजूद थी। बच्ची ने बाद में बताया कि उसके साथ बदसलूकी भी हुई है।
महिला का कहना है कि वे एक डिजाइनर कंपनी में मैनेजर हैं। मूलत: कुरुक्षेत्र की रहने वाली हैं। नौकरी के सिलसिले में बाहर रहती हैं। बेटियां घर में अकेली होती हैं तो सुरक्षा संबंधित मामलों के कारण उन्होंने सोसाइटी प्रबंधन पर सवाल खड़ा किया था। सीसीटीवी कैमरे ठीक करवाने के लिए कहा था। सुरक्षा मुद्दों पर उसके विरोध के कारण आरडब्ल्यूए अतिक्रमण हटाने के नाम पर उनसे बदला ले रही है।
दूसरी ओर आरडब्ल्यूए ने डीटीपी को मई में लिखी चिट्ठी दिखाई है, जिसमें सोसाइटी में ग्राउंड फ्लोर पर अतिक्रमण को लेकर पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की गई है। सोसाइटी के 10 टावर में ऐसे 18 अतिक्रमण हैं, जहां कथित रूप से लोगों ने अतिक्रमण कर एक्सटेंशन किया है। आरडब्ल्यूए का तर्क है कि महिला ने ग्राउंड फ्लोर पर कॉमन एरिया में अतिक्रमण किया है। उसे तोड़ने गए थे। यह डीटीपी का आदेश था। कई बार रिमाइंडर देने पर भी उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
सोसाइटी के सूत्रों के अनुसार, मई में आरडब्ल्यूए ने सोसाइटी के कॉमन एरिया में अतिक्रमण को लेकर पत्र लिखा था। डीटीपी ने लिखा था कि कार्रवाई होगी मगर आरडब्ल्यूए, सोसाइटी प्रबंधन टीम खुद कार्रवाई के लिए पहुंच गई। महिला सिंगल मदर है, सोसाइटी में उसके दो फ्लैट ग्राउंड फ्लोर पर हैं। सोसाइटी में ग्राउंड फ्लोर ही नहीं कई लोगों फर्स्ट फ्लोर पर भी बालकनी में घर बना लिए है, नियमानुसार वो भी गलत है।