तापमान 39 डिग्री से अधिक दर्ज, आज बारिश का येलो अलर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में बृहस्पतिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर के समय आसमान में घने बादल छा गए, जिससे कई इलाकों में शाम जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली। कई क्षेत्रों में बादल छाए लेकिन बारिश नहीं हुई और बाद में धूप निकल आई, कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। बारिश से मौसम सुहाना हो गया, जिससे गर्मी से राहत मिली
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह पिछले सप्ताह दर्ज 42 से 43 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 5 से 7 डिग्री तक कम है। वहीं, मौसम विभाग ने आज के लिए भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है।
पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं का असर शहर में देखने को मिल रहा था। मौसम में आए इस बदलाव से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को काफी राहत मिली।
तेज आंधी-तूफान से कई इलाकों की बिजली गुल
शाम के समय आए तेज तूफान और आंधी ने शहर के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण बिजली लाइनों में फॉल्ट आने से सेक्टर-5, सेक्टर-4, राजीव नगर, अशोक विहार और धर्म कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि खराब मौसम के बीच हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और शहर का मौसम सुहावना व खुशनुमा हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।