आईएमटी में नाहरपुर चौक से लेकर डोनाल्डसन कंपनी तक बनाया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रहा है। इसी के तहत नाहरपुर-कासन क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जा रहा है। यह नाला आईएमटी में नाहरपुर चौक से लेकर डोनाल्डसन कंपनी तक बनाया जाएगा। परियोजना पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मानसून के दौरान क्षेत्र में जलभराव की समस्या को देखते हुए इस नाले का निर्माण किया जा रहा है। बारिश के समय कई जगहों पर पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। नाला बनने के बाद बरसाती पानी की निकासी आसान होगी और सड़कों पर पानी जमा होने की समस्या कम होगी।
निगम की ओर से निर्माण कार्य को तेजी से कराया जा रहा है, ताकि मानसून शुरू होने से पहले काम पूरा किया जा सके। इसके पूरा होने से आसपास के लोगों, कर्मचारियों और वाहन चालकों को जलभराव की समस्या से सामना नहीं करना पडे़गा।
परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर नालों का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए दोनों तरफ टाइल्स भी लगाई जाएंगी। इससे लोगों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा और सड़क की सुंदरता भी बढ़ेगी। खासकर आईएमटी क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी और स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं, जिन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में कई स्थानों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हो जाता था। कई बार वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नाले का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। नाला बनने के बाद बरसाती पानी की निकासी बेहतर होगी।
- रवि कुमार, वार्ड नंबर 19, नगर निगम मानेसर
क्षेत्र में नाले के निर्माण व अन्य कार्य के लिए चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएगे। हमारा लक्ष्य है कि मानसून से पहले इलाके में नाले का निर्माण कार्य पूरा किया जा सके ताकि लोगों को जलभराव से राहत मिले।
-मनदीप धनखड़, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम मानेसर