गुरुग्राम। सेक्टर-9 थाना क्षेत्र की देवी लाल कॉलोनी में पत्नी से मारपीट कर रहे भाई को रोकना छोटे भाई को भारी पड़ गया। बड़े भाई ने पहले चाकू से वार किया, फिर रात में कमरे में अकेला देख कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर में लगी। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने छोटे भाई के बयान पर बड़े भाई के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, अनिल उर्फ नन्हे देवीलाल कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी कपड़े की दुकान है। वह तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटे हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 12 मार्च को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे उनका बड़ा भाई रिंकू अपनी पत्नी कविता से मारपीट कर रहा था। उनकी बेटी अनिल के पास आई और झगड़ा करने की बात बताई। वह तीसरी मंजिल पर भाई के कमरे में पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था और वह कविता को पीट रहा था। कविता ने दरवाजा खोला तो अनिल ने बीच बचाव किया। यह बात रिंकू को नागवार गुजरी। उसने चाकू से अनिल पर हमला कर दिया। उसके हाथ पर चाकू लगा। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। वह भाभी कविता को साथ लेकर अस्पताल गया। शाम को वहां से लौटा और अपने कमरे में था। आरोप है कि तभी रिंकू वहां आया और जान से मारने की नियत से कट्टे से फायरिंग कर दी। पहली गोली मिस हो गई। अनिल ने गेट बंद कर लिया। आरोप है कि दरवाजे के बीच कुछ जगह थी। रिंकू ने उसमें कट्टा लगाकर दूसरी गोली चलाई जो उनके पैर में जा लगी। रिंकू गेट पर ही खड़ा रहा और कहता रहा कि जब तक तो मर नहीं जाएगा, वह यहां से नहीं जाएगा। करीब 15 मिनट बाद वह मौके से भाग गया। इसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचा और घायल अनिल को अस्पताल में भर्ती कराया। जांच अधिकारी ने बताया कि घायल की शिकायत पर आरोपी भाई रिंकू के खिलाफ जानलेवा हमला करने, धमकी देने समेत अन्य कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी की तलाश की जा रही है।