साइबर सिटी में उड़ रहीं ट्रैफिक नियमों की धज्जियां, एक महीने में 42 हजार से अधिक के चालान
गुरुग्राम के साइबर सिटी में जमकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सुनने में भले ही यह अटपटा लग रहा है लेकिन यही सच है। खुद ट्रैफिक पुलिस के आंकड़े इसकी पुष्टि कर रहे हैं। ट्रैफिक नियमों की अवहेलना की दास्तां मार्च महीने में ट्रैफिक पुलिस की ओर से किए गए चालान ही बयां कर रहे हैं। इस एक महीने में पुलिस ने विभिन्न तरह के नियम तोड़ने वाले 42315 वाहन चालकों के चालान किए हैं। इन पर 92,21,200 रुपये जुर्माना भी लगाया गया है।
गलत दिशा और बिना हेलमेट सबसे ज्यादा
शहर में गलत दिशा में और बिना हेलमेट लगाए दुपहिया चलाना और सड़क पर बेतरतीब गाड़ी खड़ा करना लोगों की आदत बन गई है। सबसे अधिक चालान इन्हीं गलतियों पर किए गए हैं। पुलिस की चौकसी के बाद भी लोग बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस की डायरी में दर्ज आंकड़ों के अनुसार गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 3497, सड़क पर गाड़ी खड़ा करने वाले 3399 और बिना हेलमेट चलने वाले 2212 वाहन चालकों के चालान मार्च महीने में किए गए हैं।
रफ्तार का रोमांच नहीं छोड़ रहा पीछा
शहर में रफ्तार का रोमांच भी वाहन चालकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। आंकड़े पर नजर दौड़ाएं तो ऐसे 388 वाहन चालकों को पुलिस ने चालान कर सबक सिखाया। इसके अलावा शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 311 व ट्रैफिक सिग्नल पार करने वाले 404 वाहनों के चालान किए गए हैं। कई अन्य तरह से ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 32104 वाहन चालकों के चालान भी किए गए हैं।
-------------
डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र तोमर ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती बरती जा रही है। इस साल की पहली तिमाही यानी एक जनवरी से 31 मार्च तक यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले कुल 130512 वाहनों के चालान किए गए हैं। इन पर 2,11,08,900 रुपये जुर्माना लगाया गया है। इनमें से 1,42,77,623 रुपये जुर्माना वसूल भी किया जा चुका है।