गुरुग्राम। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिले के 3.61 लाख लोगों मार्च तक पांच किलो मुफ्त गेहूं मिलेगा। बीते वर्ष अप्रैल माह से लागू इस योजना का विस्तार कर दिया गया है। केंद्र सरकार ने इस योजना को मार्च 2022 तक बढ़ा दिया गया है। योजना का विस्तार होने से जिले के 82 हजार 563 राशन कार्डधारकों के पात्र तीन लाख 61 हजार 221 पात्र सदस्यों को पुन: इसका सीधा लाभ मिलेगा।
जिला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा समाज के आर्थिक रूप से पिछड़े व गरीब तबके को ध्यान में रखकर शुरू की गई यह योजना पिछले वर्ष अप्रैल में केवल तीन माह के लिए शुरू की गई थी। लेकिन परिस्थितियों का आंकलन करते हुए इसे विभिन्न किस्तों में मौजूदा नवंबर माह तक बढ़ाया गया था। जिसे फिर से विस्तार देते हुए अगले वर्ष मार्च महीने तक बढ़ा दिया गया है। उपरोक्त योजना के तहत वर्णित राशन कार्ड धारक राज्य सरकार द्वारा नियमित रूप से वितरित किये जा रहे राशन के साथ साथ इस योजना के तहत पात्र है, जिसके तहत राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक व्यक्ति को पांच किलोग्राम गेहूं मुफ्त दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला में बीपीएल सूची के (पीले) 11572 , राज्य बीपीएल के 14384, अंत्योदय अन्न योजना (गुलाबी) के 8955 तथा अन्य प्राथमिक वाले ओपीएच (खाकी) 47652 कुल 82563 राशन कार्ड धारक हैं, जिनके कुल 361221 सदस्य पात्र हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।
नवंबर में 60989 कार्डधारकों को मिला मुफ्त गेहूं
जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी मोनिका मालिक ने बताया कि नवंबर माह में अब तक 7122 एएवाई (गुलाबी) राशन कार्ड धारकों को 1 लाख 44 हजार 971 किलोग्राम, केंद्रीय बीपीएल सूची के 9168 कार्ड धारकों को 2 लाख 46 हजार 484 किलोग्राम, राज्य बीपीएल सूची के 11639 कार्ड धारकों को 2 लाख 78 हजार 202 किलोग्राम और ओपीएच (खाकी) के 33060 कार्ड धारकों को 7 लाख 72 हजार 768 किलोग्राम गेहूं आवंटित किया जा चुका है। इस प्रकार, जिले में अब तक लगभग 60 हजार 989 कार्डधारकों को पांच किलो गेहूं मुफ्त दिया जा चुका है।