माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। पुलिस ने 72 हजार रुपये की ठगी के आरोप में दो युवकों उदयवीर निवासी सुनपेड व सुमित निवासी दयालपुर, जिला फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
सदर थाना प्रभाारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव चमारिया निवासी सुमन ने 5 मई को शिकायत दी थी कि उनके पास अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा कि वह उसके पति सतेंद्र के साथ काम करता है। उसके पति ने आपके बैंक खाते मे 4000 रुपये भेजने के लिए कहा है।
युवक ने सुमन के पास 40 हजार रुपये का संदेश भेजा। उसने फोन कर कहा कि गलती से उसने 4 की जगह 40 हजार रुपये भेज दिए। युवक ने कहा कि वह 36 हजार रुपये वापस भेज दें। सुमन ने उनके कहे अनुसार 36 हजार रुपये भेज दिए।
युवक ने कहा कि उनके पास रुपये नहीं आए हैं। दोबारा भेज दीजिए। सुमन ने उनके कहने पर फिर से 36 हजार रुपये भेज दिए। युवक ने दोबारा कहा कि उनके खाते में रुपये नहीं आए। सुमन ने अपने बैंक खाते की जांच की तो 72 हजार रुपये कट चुके थे। पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी उदयवीर व सुमित को गिरफ्तार कर लिया।