एक युवती कार की छत पर और दूसरी खिड़की से बाहर निकलती दिखाई दे रही है
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, एसपीआर का बताया जा रहा वीडियो
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सोशल मीडिया पर चलती कार में दो युवतियों के स्टंट करने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर छत पर बैठी हुई है और एक युवती खिड़की से बाहर निकली हुई है। खिड़की से बाहर निकलकर युवती अपने मोबाइल से फोटो क्लिक करने साथ ही सिगरेट के कश लगा रही है। वहीं बाद में सिगरेट को छत पर बैठी युवती को भी पकड़ा देती है। कार के पीछे चल रहे अन्य वाहन के चालक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।
वायरल वीडियो को एसपीआर रोड पर 16 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे बताया जा रहा है। हालांकि अभी पुलिस की ओर से मामले को लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पंजीकरण नंबर के आधार पर कार मालिक की पहचान करके नोटिस भेजा जाएगा।