गुरुग्राम। गैंगस्टर कौशल के इशारे पर हत्या, जानलेवा हमला व रंगदारी वसूलने के दो फरार चल रहे आरोपियों को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) गुरुग्राम की टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों पर हरियाणा पुलिस की ओर से 50 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। एसटीएफ ने फरीदाबाद व नोएडा पुलिस को इनकी गिरफ्तारी की सूचना भेज दी है।
एसटीएफ के प्रभारी इंस्पेक्टर मदन के अनुसार कौशल गैंग का शूटर मनोज उर्फ मन्नू निवासी पन्हेड़ा खुर्द, फरीदाबाद व राहुल निवासी आमरू , पलवल को गिरफ्तार किया है। मनोज कौशल गैंग का शार्प शूटर है। छह साल पहले फरीदाबाद में उस पर शस्त्र अधिनियम का पहला मामला दर्ज हुआ था। उस पर बीते साल फरीदाबाद के छायसा में अपहरण के बाद दस लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला दर्ज हुआ था। हरियाणा पुलिस की ओर से उस पर छह मामले दर्ज हैं। जिसमें हत्या, अपहरण, रंगदारी वसूलने व जानलेवा हमला करने का मामला शामिल हैं, जबकि राहुल पर बीते साल हत्या का मामला दर्ज हुआ था। इस साल भी पलवल में हत्या सहित कई धाराओं के तहत उस पर मामला दर्ज हुए।
दो साल पहले ग्रेटर नोएडा के डबल मर्डर में था आरोपी
दो साल पहले बिसरख थाना क्षेत्र में पन्हेड़ा सोसाइटी के गेट पर जैकी व अरुण की गोली मारकर हत्या हुई थी। इस वारदात में मनोज उर्फ मन्नू शामिल था। वारदात के बाद से इस मामले में आरोपी फरार चल रहा था।
वर्जन
50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को टीम ने गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी की सूचना, फरीदाबाद, नोएडा व पलवल पुलिस को भेज दी गई है।
भूपेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ गुरुग्राम।