फर्रुखनगर। पिकअप का टायर बदलते समय तीन युवकों को कैंटर ने टक्कर मार दी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। कैंटर चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सेक्टर दस अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई रेफर किया गया। होश में आने बाद पुलिस ने उसके बयान पर वाहन संख्या के आधार पर फर्रुखनगर थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में रोहतक निवासी साहिल ने बताया कि सात अगस्त को वह अपने साथी बहादुरगढ़ निवासी रोहित और सुनील के साथ बहादुरगढ़ से गियर बॉक्स की गरारी लेकर भिवाड़ी जा रहे थे। जब वह केएमपी पर सुल्तानपुर फाटक के पास पहुंचे तो उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गई। टायर बदलने के लिए वह सभी गाड़ी से उतर गए और सड़क किनारे खड़े हो गए। इस दौरान एक कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में रोहित और सुमित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि साहिल बुरी तरह से घायल हो गया। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सेक्टर-10 अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत को देखते हुए रोहतक के पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वाहन संख्या के आधार पर चालक की तलाश में है।