गुरुग्राम। बारिश के बाद भले ही बिजली का लोड कम हो गया हो, लेकिन पुराने शहर में अब भी बिजली की अघोषित कटौती का दौर जारी है। मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में भी हालात सुधर नहीं रहे हैं। मंगलवार शाम सात बजे से रात नौ बजे तक पुराने शहर की मियां वाली कॉलोनी, सिविल लाइन एरिया, गंगा विहार सहित आधा दर्जन इलाकों में बिजली गुल रही।
परेशान लोग डीएचबीवीएन के अधिकारियों को फोन लगाते रहे। इधर मानेसर के औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को बिजली की समस्या जारी रही। दिन में कई बार बिजली गई, कंपनियों में काम प्रभावित रहा।
पुराने शहर के सदर बाजार, बसई रोड, दौलताबाद, रोशनपुर, मियां वाली कॉलोनी, गंगा विहार, सिविल लाइन एरिया आदि में बिजली की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। इन इलाकों में मंगलवार शाम अचानक बिजली चली गई। काफी इंतजार के बाद रात नौ बजे बिजली आई। इस बीच अंधेरी रात होने की वजह से लोगों को गलियों से निकलना मुश्किल हो गया। वहीं घरों में गर्मी का अहसास भी हुआ। परेशान लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को फोन लगाए, लेकिन उधर से गोलमोल जवाब ही मिलते रहे। लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस को लेकर कई बार बिजली काटी गई थी। मानेसर औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी सुनील गुप्ता ने बताया कि बिजली जाने से जेनरेटरों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे लागात अधिक आ रही है। परेशानी को कई बार उठाया जा चुका है, अभी हालात वही हैं।
आए दिन अघोषित कटौती की जा रही है। बिजली न होने की वजह से सारा काम प्रभावित हो जाता है।
ऊषा कौशिक, निवासी गंगा विहार कॉलोनी
ट्रांसफॉर्मर पुराने हो चुके हैं, हर दूसरे या तीसरे दिन बाद कहीं न कहीं फॉल्ट हो जाता है, बहुत परेशानी है।
राधेश्वरी, निवासी मियां वाली कॉलोनी