- गुरुग्राम और रेवाड़ी में वर्ष 2010 से 2015 के बीच अनियमितता का आरोप, कई लोग नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुग्राम और रेवाड़ी की ग्राम पंचायतों में स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट खरीद में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। मामलों में तत्कालीन सरपंचों, ग्राम सचिवों और फर्म संचालकों समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। एसीबी के अनुसार अनियमितताएं वर्ष 2010 से 2015 के बीच हुईं और इससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा।
जांच में आरोप है कि आरोपियों ने मिलीभगत कर फर्जी कोटेशन तैयार किए और सरकार की निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर लाइटें खरीदीं। तकनीकी मूल्यांकन में कई पंचायतों में अतिरिक्त भुगतान की पुष्टि हुई है।
गुरुग्राम की पंचायतों में अतिरिक्त भुगतान-
एसीबी के अनुसार भोंडसी पंचायत में 3,98,240 रुपये, धानावास में 46,680 रुपये, सापंका में 64,101 रुपये और फाजिलपुर बादली में 57,090 रुपये का अतिरिक्त भुगतान पाया गया। नरहेड़ा पंचायत के अलग-अलग बिलों में भी अतिरिक्त खर्च सामने आया। कई बिलों का बिना सत्यापन भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। तकनीकी रिपोर्ट में राशि की वसूली की सिफारिश की गई है।
रेवाड़ी में भी लाखों की अनियमितता-
रेवाड़ी की आठ पंचायतों में करीब 8.8 लाख रुपये की अनियमितता सामने आई। घटात महानियावास में 2.78 लाख, मालपुरा में 1.15 लाख और करावरा मानकपुर में 2.08 लाख रुपये का अधिक भुगतान मिला। अन्य पंचायतों में भी अनियमितताएं सामने आई हैं। मामले में 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।