- अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिल कर चलाया स्वच्छता अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए शनिवार और रविवार को सभी सरकारी परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि स्वच्छता हर नागरिक का कर्तव्य है। जिले के नागरिक हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
यह अभियान सरकारी कार्यालयों में चलाया गया। उपायुक्त ने कहा कि नागरिक आसपास के पार्क, शहीद स्मारक, धार्मिक स्थल, गली आदि को स्वच्छ बनाने के लिए आगे आए। यह विशेष अभियान 25 नवंबर 2025 तक पूरे गुरुग्राम सहित पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना, प्लास्टिक के उपयोग को कम करना तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
जीएमसीबीएल परिसर में चला अभियान
जीएमसीबीएल के सीईओ विश्वजीत चौधरी के नेतृत्व में रविवार को सेक्टर 10 स्थित बस डिपो में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। ज्वाइंट सीईओ रविन्द्र कुमार व डिपो मैनेजर राजीव नागपाल सहित सभी कर्मचारियों ने मिलकर परिसर व बसों को साफ किया। दो घंटे से अधिक समय तक चले स्वच्छता अभियान के उपरांत सीईओ ने अभी कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।वहीं सिविल लाइंस स्थित जिला परिषद कार्यालय परिसर में शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार के नेतृत्व में कार्यालय परिसर में पुराने कबाड़ को डिस्पोज ऑफ किया और कार्यालय के भीतर व बाहर सफाई की गई।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के क्षेत्रीय प्रशासक आशुतोष राजन की अगवानी में जिला के सभी मार्केट कमेटी कार्यालय परिसरों व मंडियों में भी अभियान चलाया गया। साथ ही स्वच्छ मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर को लेकर प्रतिस्पर्धा रखी गई। इसमें जो भी कार्यालय परिसर सबसे स्वच्छ होगा, उस मार्केट कमेटी को सम्मानित किया जाएगा।