- खुद को फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताकर 24 ऋण खाताधारकों से की ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। फर्जी रसीदें और एनओसी जारी कर फाइनेंस कंपनी व उसके ग्राहकों से 21.77 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी संजीत कुमार और धीरज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 29 नवंबर 2025 को अर्थमेट फाइनेंसिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ने मेट्रो थाना गुरुग्राम में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि सीड कैपिटल कंपनी के डायरेक्टर धीरज कुमार और संजीत कुमार को ऋणधारकों से ईएमआई एकत्रित करने के लिए कलेक्शन एजेंट नियुक्त किया गया था। आरोप है कि दोनों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि बताकर ग्राहकों से नकद ईएमआई वसूली और राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की। इसके अलावा ग्राहकों को फर्जी रसीदें और एनओसी जारी कर दी गईं। आरोपियों ने 24 ऋण खाताधारकों और कंपनी के साथ करीब 21.77 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करते थे। उन्होंने ग्राहकों से वसूली गई रकम अपने पास रख ली और फर्जी दस्तावेज जारी कर ऋण खाता बंद होने का भरोसा दिलाया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।