परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। काम न मिलने से परेशान एक किशोर ने सुखराली एन्क्लेव में किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक किशाेर की पहचान बिहार के दरभंगा निवासी विकास (15 वर्ष) के रूप में हुई है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
विकास के पिता ऑटो चालक हैं और मां घरेलू सहायिका के रूप में काम करती हैं। घर में जब कोई नहीं था तो किशाेर ने चादर से पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। विकास की मां शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे घर लौटी तो उसने अपने बेटे का शव फंदे पर लटका देखा तो शोर मचाया और पति को सूचित किया। परिवार वाले व पड़ोसी विकास को फंदे से उतारकर निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
किशाेर द्वारा आत्महत्या की सूचना मिलते ही सेक्टर-17/18 थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस को जांच में पता चला कि विकास नौकरी की तलाश में था और उसने कुछ छोटे-मोटे काम किए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण वह परेशान रहता था। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
जांच अधिकारी विजेंदर ने बताया कि शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। कोई संदिग्ध बात सामने आती है तो उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।