उत्तर प्रदेश के हाथरस का रहने वाला था, ट्रांसपोर्ट कंपनी में था मुनीम
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आईएमटी मानेसर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह आउटर रोड के फुटपाथ के पास लहूलुहान हालत में मृत मिले युवक की पहचान हो चुकी है। मृत युवक हाथरस (उत्तर प्रदेश) के नगला मधुकर गांव निवासी कुमार गौरव सिंह (38 वर्ष) है। युवक के सिर व चेहरे पर भारी वस्तु से वार करके हत्या की गई थी। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईएमटी मानेसर थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि कुमार गौरव सिंह (मृतक) गुरुग्राम के कंकरोला गांव में किराये पर रहता था और मानेसर क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मुनीम का काम करता था। शुक्रवार को मृतक युवक की पहचान होने के बाद शनिवार को पोस्टमार्टम करने के साथ ही मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बता दें कि आईएमटी मानेसर की पुलिस को बुधवार सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि सेक्टर-7 के प्लॉट नंबर-139 के सामने फुटपाथ के पास खून से लथपथ युवक पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस माैके पर पहुंची तो वहां पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर व चेहरे पर भारी वस्तु से वार करके उसकी हत्या की गई थी। शव के पास एक जोड़ी चमड़े की चप्पलें मिलीं। आशंका है कि युवक (मृतक) रात के समय अपने किसी जानकार के साथ बैठा हो और किसी बात पर उनके बीच झगड़ा होने के बाद उसकी हत्या की गई हो।
रात को खाना खाने बाहर निकला था युवक
मानेसर क्षेत्र की ट्रांसपोर्ट कंपनी में मुनीम का काम करने वाला कुमार गौरव सिंह (मृतक) मंगलवार की रात करीब 10.30 बजे खाना खाने के लिए बाहर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कंपनी वाले भी कुमार गौरव का इंतजार करते रहे। जब दो दिन बाद भी कुमार गौरव कंपनी नहीं आया तो कंपनी वालों ने परिवार से संपर्क किया। वह घर पर भी नहीं मिला तो आईएमटी मानेसर थाने में संपर्क किया गया। मृत युवक के फोटो दिखाने के बाद ही शुक्रवार को उसकी पहचान हो सकी।
जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की छानबीन में टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही युवक की हत्या करने वाले आरोपियों की पहचान करके उनको गिरफ्तार किया जाएगा।