सेक्टर-14, ओल्ड डीएलएफ कॉलोनी और सेक्टर-17ए में पानी पहुंचाने के लिए नगर निगम की ओर से पाइप लाइन बिछाई जाएगी
1.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, पेयजल और भूजल पर निर्भरता होगी कम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम शहर के पार्कों में सीवर शोधित पानी के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रहा है। इसके तहत सेक्टर-14, ओल्ड डीएलएफ कॉलोनी और सेक्टर-17ए स्थित पार्कों में सिंचाई के लिए शोधित सीवर पानी का उपयोग किया जाएगा। पार्कों तक शोधित पानी पहुंचाने के लिए नगर निगम की ओर से पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना पर करीब 1.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगर निगम क्षेत्र में करीब 1,200 छोटे-बड़े पार्क हैं। इनमें 650 से अधिक पार्कों का रखरखाव स्थानीय रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और वार्ड कमेटियों की ओर से किया जाता है। पार्कों में हरियाली और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने में आरडब्ल्यूए की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। निगम की ओर से समय-समय पर पार्कों के सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए विभिन्न योजनाएं भी तैयार की जाती हैं। इसी कड़ी में सेक्टर-14, ओल्ड डीएलएफ कॉलोनी और सेक्टर-17ए के पार्कों में शोधित पानी उपलब्ध कराने के लिए पाइप लाइन बिछाई जाएगी। शोधित पानी से पार्कों की सिंचाई होने पर पेयजल और भूजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही सीवर से शोधित किए गए पानी का दोबारा उपयोग सुनिश्चित होगा। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पार्कों की सिंचाई के लिए वैकल्पिक जल स्रोत उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण को बढ़ावा देना है। इससे शहर में उपलब्ध जल संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि सीवर शोधित पानी के अधिक से अधिक इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। इससे पार्कों में हरियाली बनाए रखने के साथ भूजल संरक्षण में भी मदद मिलेगी।