राजनीतिक पार्टियां और उम्मीदवार आपस में सौहार्द का वातावरण बनाए रखें
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विधानसभा चुनाव के दौरान जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक पार्टियां और उम्मीदवार आपस में सौहार्द का वातावरण बनाए रखे। चुनाव संपन्न होने तक कहीं भी तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। चुनाव में किसी प्रकार के अनुचित संसाधनों का प्रयोग नहीं होना चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने रविवार को कहा कि विधानसभा चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक अहम कड़ी है। यह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होना चाहिए। जिससे कि इलाके व प्रदेश की साफ-सुथरी छवि बनी रहे और उसका सम्मान बढे़। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी बात को लेकर आपस में विवाद नहीं होना चाहिए। खासतौर से जनसभा या रोड शो के समय दूसरी पार्टी या प्रत्याशी के कार्यकर्ता विघ्न ना डालें। उपायुक्त ने कहा कि रोड शो के लिए आवेदन करते समय जो रूट प्रशासन को बताया जाएगा, उसे अनुमति मिलने के पश्चात परिवर्तित नहीं किया जा सकता। राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारी यह ध्यान रखेंगे कि एक पार्टी अपना रोड शो निकाल रही है और उनका भी वही रूट है तो दो-तीन घंटे बाद वहां से गुजरें। रोड शो में केवल चुनाव प्रचार किया जा सकता है, कोई उग्र प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। रोड शो की वजह से यातायात बाधित नहीं होना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव के हर कार्य को पूरा करवाने में राजनीतिक दल सरकारी अधिकारियों का सहयोग करेंगे। चुनाव के काम में कोई अड़चन नहीं आनी चाहिए। जिला प्रशासन का सभी पार्टियों और उम्मीदवारों के साथ समान व्यवहार रहेगा। जनसभा का स्थान पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवंटित किया जाएगा। प्रतिबंधित क्षेत्र में कोई भी उम्मीदवार जनसभा का आयोजन नहीं करेगा। चुनाव प्रचार में किसी प्रकार के अनुचित संसाधनों जैसे नशीले पदार्थ, नकदी आदि का प्रयोग ना करें और ना ही किसी मतदाता पर वोट के लिए दबाव डाला जाए।