नूंह। जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता व अखंडता के संदेश के साथ रन फॉर यूनिटी का आयोजन परेड ग्राउंड, पुलिस लाइन में होगा। यह दौड़ सुबह 7 बजे पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड से शुरू होकर अनाजमंडी नूंह में संपन्न होगी, जिसमें स्कूलों के विद्यार्थियों, युवा क्लबों के सदस्य बढ़-चढ़कर भागीदारी करेंगे।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कुंवर संजय सिंह मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने हेतु यह दौड़ समर्पित है। मुख्य अतिथि के संबोधन के उपरांत प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
फिरोजपुर झिरका में इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर उपमंडल अधिकारी (ना.) लक्ष्मी नारायण की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों पर चर्चा की गई।
एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार यह दौड़ सुबह 6:30 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसका शुभारंभ नवाब समसुद्दीन पार्क, फिरोजपुर झिरका से होगा। इस कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका सहित कई संस्थाएं भाग लेंगी। संवाद