पिनगवां। खंड के चांदडाका गांव में नशे और साइबर ठगी जैसे बढ़ते अपराधों पर रोकथाम को लेकर पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में गांव के जिम्मेदार व्यक्तियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैठक में नशे की रोकथाम और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
गांव के सरपंच अनीस आलम ने कहा कि नशा और साइबर अपराध आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। इसके खिलाफ पुलिस और प्रशासन की मुहिम को मजबूत करने के लिए हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। पंचायत में निर्णय लिया गया कि गांव में कोई भी नशे का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दी जाएगी। वहीं, नूंह पुलिस की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्त और साइबर जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को साइबर ठगों से बचने के तरीके बताए गए। संवाद