गुरुग्राम। सेक्टर-4 में रह रहे एक चिकित्सक से ठगों ने कोलकाता स्थित एक मेडिकल कॉलेज में पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) में दाखिला दिलाने के नाम पर 52 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने झांसे में लेने के लिए चिकित्सक को कोलकाता के जादवपुर स्थित केपीसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का फर्जी दाखिला आवंटन पत्र थमाया था। ठग कॉलेज का अधिकारी बनकर पैसे लेने के लिए गुरुग्राम भी आए थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत सेक्टर-9ए थाने में दी है। शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-9ए थाना की पुलिस ने आरोपी सतीश मलिक, पीएन दत्ता, रतन, आदिल अहमद, बुद्ध सिंह व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
सेक्टर-4 निवासी सुभांशु वत्स ने बताया कि वह एक एमबीबीएस चिकित्सक है। आठ मार्च को उसके मोबाइल फोन पर एक संदेश (एसएमएस) आया था। संदेश में कोलकाता स्थित मेडिकल कॉलेज में पीजी कोर्स के लिए दाखिला का विज्ञापन था। चूंकि वह एमडी करना चाहते थे। ऐसे में उन्होंने विज्ञापन पर अंकित मोबाइल नंबर पर फोन किया। कॉल सतीश मलिक नामक आरोपी ने उठाया। सतीश ने उसे अपने सारे कागजात वाट्सएप पर भेजने को कहा। सुभांशु ने सारे कागजातों की क्षाया प्रति की फोटो उसे वाट्सएप कर दिए।
कुछ दिन बाद, सतीश ने सुभांशु को वाट्सएप पर संदेश देकर फोन करने को कहा। फोन करने पर उसे एक ई-मेल आईडी दी और कहा कि इस पर स्कैन करके सारे कागजात भेजो। इसके साथ ही यह भी मेल कर देना कि उनके परिवार की कुल आय कितनी है। सुभांशु ने सारे कागजात, इनकम सर्टिफिकेट आदि भी ई-मेल कर दिए। पीड़ित के अनुसार कुछ दिन बाद आरोपी ने वाट्सएप के माध्यम से ही बताया कि उसका दाखिला कोलकाता के जादवपुर स्थित केपीसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हो सकता है। इसलिए 23 लाख लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) बनाकर भेजें। पीड़ित ने इसके बाद आठ लाख रुपये का डीडी बनाकर, उसकी फोटो खींचकर आरोपी को वाट्सएप कर दी।
----
कोलकाता बुलाकर की पैसों की मांग:
पीड़ित सुभांशु के अनुसार आरोपी ने उसे कोलकाता स्थित उक्त कॉलेज में बुलाया। परिवार समेत वहां पहुंचने पर उसकी मुलाकात अन्य आरोपी रतन से हुई। रतन ने वहां सुदीप व आदिल से मुलाकात कराई। इस दौरान सुदीप ने पीड़ित से मूल कागजात के साथ 4500 रुपये लिए और कहा कि दाखिले के लिए 50 लाख रुपये कॉलेज के अधिकारी डॉ. पीएन दत्ता को देने होंगे। क्योंकि वह मैनेजमेंट कोटे से दाखिला कराएंगे। आप जल्द ही पैसों की व्यवस्था करें। पीड़ित के अनुसार वह पैसों की व्यवस्था करने गुरुग्राम लौट आया।
----
गुरुग्राम आकर लिए 52 लाख रुपये:
पीड़ित के अनुसार 19 मार्च को डॉ. पीएन दत्ता गुरुग्राम पहुंचा और उससे 50 लाख रुपये लिए। इसके बाद उसे उक्त मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दाखिले के लिए अनुमति पत्र दिया। आरोपियों ने पीड़ित से दो लाख रुपये दाखिला फीस व दो लाख रुपये कमीशन की भी मांग की। पीड़ित ने बताया कि वह 50 लाख के अलावा आरोपियों के कहने पर उसने कमीशन के दो लाख रुपये भी उनके द्वारा दिए गए बैंक खाते में ऑनलाइन भुगतान कर कर दिए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद सभी आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए। शक होने पर वह कोलकाता स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां पता चला कि दाखिले का जो आवंटन पत्र उन्हें दिया गया था वह फर्जी था। इसके बाद उन्होंने तत्काल अपना आठ लाख रुपये का डीडी निरस्त करा दिया। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-9ए थाना की पुलिस उक्त आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।