दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक से की थी मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-17/18 थाने की पुलिस ने 50 रुपये को लेकर हुई मारपीट में बीते शुक्रवार को सुखराली एन्क्लेव से तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं। जांच में सामने आया कि दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक व उसके परिवार वालों के साथ मारपीट की थी।
आरोपियों की पहचान दरभंगा (बिहार) के कटमा गांव निवासी देव कुमार, संदीप और कृष्ण के रूप में हुई है। पुलिस ने मारपीट में प्रयोग किए गए दो डंडे भी आरोपियों से बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को बीते शनिवार अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस मारपीट मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
घायल युवक की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ सुखराली एन्क्लेव में किराये पर रहती है। 28 जुलाई की करीब साढ़े नौ बजे उसने 10 वर्षीय बेटी को पड़ोस में परचून की दुकान पर सामान लेने भेजा था। बेटी व दुकानदार देव कुमार सिंह के बीच 50 रुपये को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद दुकानदार देव कुमार ने भाइयों व अन्य साथियों साथ मिलकर लाठी-डंडों से शिकायतकर्ता महिला, बेटी, पति व परिवार के अन्य लोगों पर जानलेवा हमला किया और मारपीट की।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मारपीट मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं। मामले के अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।