नीरज बवाना गैंग द्वारा सोहना विधायक कंवर संजय सिंह से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। मंगलवार देर शाम पुलिस प्रवक्ता की तरफ से भी इसकी पुष्टि कर दी गई। धमकी मिलने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरी तरफ अपने विधायक को धमकी मिलने के बाद सोहना इलाके के लोग दिन भर तरह-तरह की चर्चाओं में मशगूल रहे। हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस के उच्चाधिकारी अब भी साफ तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पता चला है कि विधायक के फोन पर अज्ञात नंबर से यह धमकी आई है।
पुलिस ने धमकी दिए जाने वाले नंबर को सर्विलांस पर लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले को लेकर विधायक कंवर संजय सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। उनके निजी सहायक ने बताया कि विधायक संजय सिंह चंडीगढ़ में हैं। व्यस्त होने के चलते फोन नहीं उठा पाए।