गुरुग्राम। बाजार या मार्केट जाते समय अब कपड़े या जूट का थैला साथ ले जाने की आदत डाल लीजिए। अब मार्केट या बाजार में खाली हाथ जाना परेशानी खड़ी कर सकता है। एक जुलाई से जिले में पॉलिथीन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा रहा है। सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए इस बार प्रशासन पुख्ता तैयारियां कर रहा है।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। अब प्रशासन का पूरा ध्यान इन आदेशों को धरातल पर उतारने में लगा है। उपायुक्त खुद जिले की मॉनिटरिंग करेंगे, जबकि जीएमडीए के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुभाष यादव को सभी विभागों की ओर से की जाने वाली गतिविधियों और उनकी निगरानी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। सुभाष यादव पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं, लिहाजा उन्हें ही पूरे अभियान की कमान सौंपी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल न करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बैनर-पोस्टर और होर्डिंग्स से इसका प्रसार-प्रचार किया जा रहा है।
-------------
इसकी सफलता के लिए लोगों की भागीदारी बहुत जरूरी है। शासन-प्रशासन केवल अपने स्तर पर सख्ती कर सकते हैं। इस अभियान में पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वालों पर जुर्माना और दूसरी सख्ती की गई है। - सुभाष यादव, एडिशनल सीईओ, जीएमडीए
---------------
आदेशों का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मानेसर और गुरुग्राम नगर निगम के साथ जिले की परिषद और पालिका की इंफोर्समेंट टीमों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अलावा संबंधित विभागों की अलग-अलग टीमें बनाकर उन्हें निगरानी करने को कहा गया है।
- निशांत कुमार यादव, उपायुक्त