- कहासुनी के बाद पति ने पायजामा से दबाया था पत्नी का गला
- मृतका के घर वाले नहीं आए गुरुग्राम, शव अब मोर्चरी में
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पत्नी के बेटी को थप्पड़ मारने के बाद दंपती के बीच हुए विवाद में युवक ने पत्नी की पायजामा से गला दबाकर हत्या कर दी थी। मृतका का कोई परिजन अभी गुरुग्राम नहीं आया है, जिसके चलते उसका शव माेर्चरी में रखा हुआ है। शिकायतकर्ता न होने की वजह से पुलिस ने भी अभी इस मामले में केस दर्ज नहीं किया है। बता दें कि पत्नी को मारने के बाद पति ने खुद थाने में आत्मसमर्पण कर पुलिस को सारी घटना से अवगत कराया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि राजेंद्रा पार्क के बी-ब्लॉक में केतन अपने परिवार के साथ रहता है। वह नोएडा के जेवर एयरपोर्ट पर कार्गो में काम करता है। करीब छह साल पहले केतन ने ज्योति से प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी ज्योति (31) दिल्ली के बिंदापुर की रहने वाली है और एक कंपनी में नौकरी करती थी। ज्योति (मृतका) के परिजनों ने प्रेम विवाह से नाराज होकर उससे दूरी बना ली थी। दोनों की दो बेटियां हैं, जिसकी उम्र चार साल व दो साल है। राजेंद्रा पार्क के बी-ब्लॉक स्थित जिस मकान में केतन अपने परिवार के साथ रहता है, वह दो मंजिला है। केतन के पिता विनोद कुमार मूलरूप से पंजाब के अमृतसर के हैं। मकान के भूतल पर केतन के माता-पिता व बड़ा भाई परिवार सहित रहते हैं।
शनिवार को भी हुआ था झगड़ा
बीते शनिवार की रात को ड्यूटी करने के बाद केतन अपने घर आ गया था। रात को उसका ज्योति के साथ किसी बात पर झगड़ा हुआ था। रविवार को केतन की छुट्टी होने के चलते वह पूरे दिन घर ही रहा था। शाम को बेटी को थप्पड़ मारने के बाद केतन व ज्योति के बीच फिर से लड़ाई हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि केतन ने ज्योति की हत्या कर दी। उसने पुलिस को हत्या के बारे में बताया। मामले को राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र का होने पर उसे थाना पुलिस के हवाले कर दिया। केतन द्वारा थाने में पत्नी की मौत के बारे में बताने के बाद राजेंद्रा पार्क थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीमें उसके घर पहुंचीं।
ज्योति का शव घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में बिस्तर पर पड़ा था। पुलिस ने परिजनों से बात की तो पता चला कि उन्हें घटना के बारे में कुछ नहीं पता था। केतन अभी पुलिस हिरासत में है। जांच अधिकारी इंद्रवेश ने बताया कि अभी थाने में परिवार के किसी ने शिकायत नहीं दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बेटी को थप्पड़ मारने पर पत्नी व पति में झगड़ा हुआ था।