- पुलिस ने भांजे को किया गिरफ्तार, लकड़ी गोदाम में करते थे काम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मानेसर थाना क्षेत्र में शराब पीते समय हुई कहासुनी के बाद भांजे ने लकड़ी से वार कर मामा बद्रीनाथ (41 वर्ष) निवासी गोंडा (यूपी) की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी भांजे को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
मृतक के भाई ने मानेसर थाना में दी शिकायत में बताया कि उनका भाई बद्रीनाथ गुरुग्राम के नाहरपुर कासन गांव में आरा पर काम करता था। रविवार को उसके पास भतीजे का फोन आया कि चाचा बद्रीनाथ (मृतक) फोन नहीं उठा रहा है। जब उसने आरा मशीन पर जाकर देखा तो वहां गेट पर कुंडी लगी हुई थी। जब वह कुंडी खोलकर अंदर पहुंचे तो भाई बद्रीनाथ की बाइक खड़ी थी व बद्रीनाथ वहीं पड़ा था और उसके सिर पर चोट लगी हुई थी।
वह ऑटो करके अपने भाई बद्रीनाथ को निजी अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सकों ने उनके भाई को मृत घोषित कर दिया। बद्रीनाथ के साथ गाेंडा के रकुरापुरा निवासी उसका भांजा राहुल उर्फ ननके (20 वर्ष) भी काम करता था। बद्रीनाथ शराब पीने का आदि था। बताया जा रहा है कि राहुल व बद्रीनाथ दोनों बैठकर शराब पी रहे थे। शराब को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। राहुल ने अपने मामा बद्रीनाथ के सिर पर लड़की से वार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
मानेसर थाना पुलिस ने हत्या के आरोप में राहुल उर्फ ननके को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि मृतक बद्रीनाथ आरोपी राहुल उर्फ ननके का सगा मामा था। दोनों आरा मशीन पर मजदूरी का काम करते थे। बीते रविवार की रात को ये दोनों बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीते समय दोनों के बीच शराब को लेकर आपस में कहासुनी हो गई और राहुल ने वहीं पर पड़ी लकड़ी बद्रीनाथ के सिर में मारकर वहां से भाग गया। जांच अधिकारी बही राम ने बताया कि मृतक के परिजनों की सूचित करके गुरुग्राम बुला लिया गया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी भांजे राहुल उर्फ ननके के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।