चाय के साथ बिस्कुट और भुजिया के रूप में स्नैक्स लेना भी जेब पर भारी पड़ रहा है। लगभग सभी कंपनियों ने हर प्रकार की भुजिया के दाम बढ़ा दिए हैं और पैकेट पर ग्राहकों को दिए जाना वाला ऑफर भी बंद कर दिया है।
रसोई गैस के बाद अब महंगाई मुंह का जायका छीन रही है। पिछले एक सप्ताह में लाल मिर्च से लेकर हल्दी और गर्म मसालों तक के भाव बढ़ गए हैं। जिस नमक के लिए महात्मा गांधी ने दांडी मार्च किया, वह भी अब महंगा हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि यह शुरूआत है। आने वाले दिनों में इन सामग्री की महंगाई और बढ़ेगी।
विज्ञापन
इस समय सबसे अधिक असर लाल मिर्च के दाम पर पड़ा है। लाल मिर्च ज्यादा ही तीखी हो गई है। पहले 100 ग्राम लाल मिर्च पाउडर 46 रुपये में मिल रहा था, जोकि अब 63 रुपये का हो गया है। गर्म मसाला 78 रुपये का 100 ग्राम की बजाय अब 92 रुपये का हो गया है। देगी मिर्च 72 रुपये से 92 रुपये की 100 ग्राम मिल रही है। हल्दी के दाम भी 100 रुपये प्रतिकिलो बढ़ गए हैं। पिसे हुए मिश्रित गर्म मसाले की खुशबू भी सब्जी से गायब हो रही है।
रेट बढ़ाए, मात्रा घटाई ...ऐसे कवर की महंगाई
चाय के साथ बिस्कुट और भुजिया के रूप में स्नैक्स लेना भी जेब पर भारी पड़ रहा है। लगभग सभी कंपनियों ने हर प्रकार की भुजिया के दाम बढ़ा दिए हैं और पैकेट पर ग्राहकों को दिए जाना वाला ऑफर भी बंद कर दिया है। एक नामी कंपनी की साधारण भुजिया का 400 ग्राम का पैकेट 93 रुपये से बढ़कर 107 रुपये का हो गया है। इस पर मिलने वाला 10 फीसदी अतिरिक्त का ऑफर कंपनी ने बंद कर दिया है।
विज्ञापन
भुजिया का पैकेट 440 ग्राम की बजाय 400 ग्राम कर दिया गया है। यानी अब 40 ग्राम भुजिया अतिरिक्त नहीं मिल रही है। बिस्कुट कंपनियों ने ग्राहकों की संतुष्टि के लिए अनोखा फार्मूला खोजा है। कंपनियों की ओर से दाम नहीं बढ़ाए गए, लेकिन पैकेट में बिस्कुट की मात्रा कम कर दी है। किसी ने पांच रुपये के पैकेट में 10 की बजाय छह बिस्किट कर दिए हैं तो किसी ने 14 की जगह 10 कर दिए हैं।
मैदा से बनी सामग्री भी महंगी
स्नैक्स या नाश्ते में इस्तेमाल होने वाली अधिकांश खाद्य सामग्री मैदा से बनी होती है। मैदा और खाद्य तेल के दाम का असर इन सामग्री के दामों पर साफ दिखने लगा है। रस्क, मेक्रॉनी, पाश्ता, ब्रेड से लेकर दूसरी सामग्री 7 से 10 रुपये (प्रति पैकेट) महंगी हो गई है। खाने का असली जायका देने वाला नमक भी स्वाद बिगाड़ रहा है। यह तीन रुपये प्रति किलो तक महंगा हो गया है।
ठंडा भी हो रहा गर्म
इन खाद्य सामग्री के साथ गर्मी में गला तर करने वाला शीतल पेय पदार्थ भी महंगा हो गया है। हर प्रकार की कोल्ड ड्रिंक की दो लीटर की बोतल पर पांच रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। पहले यह 90 रुपये की थी। विशेष बात यह है कि इसके साथ ऑफर में मिलने वाली छोटी बोतल भी बंद कर दी गई। गर्मियों में हर घर में इस्तेमाल होने वाली रुह-अफजाह के दाम भी 150 रुपये से 160 रुपये हो गए हैं।
जरूरी सामग्री के दाम
सामग्री दाम पहले अब
लाल मिर्च 460 रुपये प्रतिकिलो 630 रुपये
हल्दी 620 720
जीरा 290 350
नमक 22 25
हींग 64 रुपये 100 ग्राम 87
गर्म मसला 78 92
मैदा, बेसन से लेकर मसाले और तेल महंगे हो गए हैं। इस लिहाज से स्नैक्स में महंगाई बढ़ना लाजमी है। मिर्च की कमी के कारण दाम बढ़ने की बात कही जा रही है। जिन दुकानदारों के पास पुराना स्टॉक है, वह कुछ कम दाम में सामान बेच रहे हैं। नए स्टॉक के दाम तो और भी बढ़ कर आए हैं। अभी नया स्टॉक किसी-किसी के पास ही पहुंचा है। निश्चित ही आने वाले दिनों में इन सामग्री में और महंगाई देखने को मिलेगी। - प्रवीन सिंगला, संचालक, शांति जनरल स्टोर