फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटीएम लूट भागे बदमाश, पुलिस ने सात किमी तक किया पीछा

विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुग्राम। शुक्रवार रात दो बजे बदमाशों ने गांव धनकोट स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटने के बाद सारी नकदी लूट ली। इसके बाद वे अपनी आई-20 कार में सवार होकर भागने लगे। गश्त कर रही पुलिस ने एटीएम को क्षतिग्रस्त देखा तो पीसीआर वैन से आई-20 कार का पीछा किया।
विज्ञापन

गांव कालियावास तक करीब सात किलोमीटर पीछा करने के बाद भी बदमाश नहीं रुके तो पुलिस ने उनकी कार में पीसीआर वैन से टक्कर मार दी। इससे बदमाशों की कार असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बदमाश कार से उतरे और फायरिंग कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। उधर, धनकोट पुलिस चौकी से महज 300 मीटर दूर इतनी बड़ी वारदात से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार रात दो बजे आई-20 कार से आए चार-पांच बदमाश गांव धनकोट के एक्सिस बैंक के एटीएम पर पहुंचे और गैस कटर से काटने के बाद सारी नकदी लूट ली। बदमाश कार में सवार होकर चल दिए। इसी दौरान पीछे से आई धनकोट चौकी की पुलिस की गश्ती पीसीआर वैन ने एटीएम की बॉडी कटी देखी तो दूर जा चुकी आई-20 कार का पीछा किया। पुलिस की गाड़ी देख बदमाशों ने भी कार तेजी से भगा ली। गांव कालियावास तक भी पुलिस बदमाशों की कार को ओवरटेक नहीं कर सकी तो उसने वैन से पीछे से बदमाशों की कार को टक्कर मार दी। बदमाशों की कार डिवाइडर से टकराने के बाद रुक गई। खुद को घिरा देख बदमाश तेजी से कार से उतरे और फायरिंग करते हुए लूट के रुपये लेकर खेतों के रास्ते भाग गए। फायरिंग में पीसीआर वैन क्षतिग्रस्त हो गई। पूरे मामले में पुलिस अभी कुछ भी बताने से इनकार कर रही है।
विज्ञापन

माकडोला चुंगी पर बैरिकेड भी तोड़ा
पीसीआर वैन में मौजूद एसआई गुलाब सिंह ने बताया कि जब वे बदमाशों का पीछा कर रहे थे तो थाने व आसपास की चौकियों को जानकारी देकर इलाके में नाकाबंदी भी करा दी थी। बदमाश गांव माकडोला चुंगी पर पुलिस के बैरिकेड को तोड़कर भाग गए। गांव कालियावास पहुंची थाना पुलिस ने बदमाशों द्वारा मौके पर छोड़ी गई कार को बरामद कर लिया है। कार पर अस्थायी नंबर है। एटीएम से लेकर रास्ते तक के सीसीटीवी फुटेज जुटाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसीपी उद्योग विहार राजीव कुमार ने बताया कि बैंक से एटीएम में मौजूद नकदी की जानकारी ली जा रही है।
रिपोर्ट चोरी और जानलेवा हमले में दर्ज
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर चोरी व जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। डीसीपी वेस्ट दीपक सहारन का कहना है कि पीसीआर पर तैनात एसआई गुलाब सिंह ने केस दर्ज कराया है। बैंक की ओर से अभी इस मामले में शिकायत नहीं मिली है। बैंक अधिकारियों से जानकारी की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें