वेलेंटाइन डे पर शहर के मॉल, रेस्तरां और होटलों में खास तैयारी, कहीं प्रतियोगिता तो कहीं रोमांटिक डिनर लाइव म्यूजिक की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। वेलेंटाइन डे के रंग में शहर रंग गया है। शनिवार को छुट्टी का दिन होने के कारण बाजार इसे और बेहतर तरीके से भुनाने को तैयार है। मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स आकर्षक तरीके से सजावट की गई है। वेलेंटाइन थीम की सजावट और डीजे पार्टियां होंगी।
एक मॉल में 30 सेंकेंड में साड़ी पहनने की कपल प्रतियोगिता रखी है। एक अन्य मॉल में वेलेंटाइन वीक पर वेस्टर्न थीम पर सजावट के साथ डीजे और पार्टियां आयोजित की गई हैं। कुछ जगहों पर दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक वेलेंटाइन पार्टी रखी गई है। इसमें 3000 से 3500 हजार रुपये खर्च कर जोड़े खाने-पीने के साथ दिलचस्प गेम का आनंद ले सकते हैं। कुछ होटलों में वेलेंटाइन डाइनिंग और लाइव म्यूजिक की व्यवस्था है। रूफ टॉप रोमांटिक डिनर लाइव म्यूजिक की व्यवस्था भी की गई है।
फूल बाजार में गुलदस्ते, गुलाब
सेक्टर पांच स्थित फूल बाजार में पिछले एक हफ्ते रंग-बिरंगे गुलाब, गुलदस्तों की मांग बढ़ गई है। लोग एक दूसरे को देने के साथ-साथ थीम सजावट के लिए भी फूलों का प्रयोग कर रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि आम दिनों में जहां गुलाब 20 से 40 रुपये तक में बिकते हैं वहीं वेलेटाइन डे और उसके आस-पास मांग ज्यादा होने के कारण इनकी कीमतें डेढ़ से दोगुनी हो जाती है। गुलदस्तों के लिए गुलाब के अलावा एन्थोरियम, आर्किड, जरबेरा, लिलियम और गुलदाउदी की विभिन्न वेराइटी का प्रयोग किया जा रहा है।