संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
मई की शुरुआत से ही मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी अचानक से बारिश तो कभी चिलचिलाती धूप ने लोगों को प्रभावित किया है। सोमवार को तेज धूप ने गर्मी का अहसास और बढ़ा दिया।
दोपहर के समय तापमान इतना अधिक रहा कि लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तक पहुंच सकता है। ऐसे में लू चलने की भी संभावना जताई जा रही है। विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा धूप में छाता या टोपी का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। बीते सप्ताह हुई हल्की बारिश और बादल छाए रहने से कुछ राहत जरूर मिली थी लेकिन अब फिर से मौसम का मिजाज गर्म हो चला है। गर्मी और उमस से सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को हो रही है।