सेक्टर-29 में पीपीपी मॉडल के तहत बनेगा आधुनिक बस टर्मिनल, यात्रियों को मिलेंगी सुविधाएं
नंबर गेम- 252 करोड़ की परियोजना से बदलेगी गुरुग्राम की परिवहन व्यवस्था
मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। साइबर सिटी में सार्वजनिक परिवहन ढांचे को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने सेक्टर-29 में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत अत्याधुनिक बस टर्मिनल विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जहां एक ही छत के नीचे बसों के संचालन के साथ यात्री सफर, शॉपिंग माॅल और मल्टीप्लेक्स जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
करीब 252 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए विभाग ने पात्र कंपनियों से प्रस्ताव एक जून को आमंत्रित कर दिया है। परिवहन विभाग द्वारा जारी रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) के अनुसार, खुली, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से परियोजना के लिए कंसेशनेयर का चयन किया जाएगा। चयनित एजेंसी बस टर्मिनल के विकास, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेगी।
प्रस्तावित बस टर्मिनल को केवल यात्री सुविधा केंद्र के रूप में नहीं बल्कि एक आधुनिक ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां यात्रियों को बस सेवाओं के साथ-साथ शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स, रेस्टोरेंट, होटल, विश्राम कक्ष और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे यात्रियों को एक ही परिसर में सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी।
जीएमडीए के बजाय परिवहन विभाग ने संभाली जिम्मेदारी
पहले इस परियोजना को विकसित करने की योजना गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के स्तर पर बनाई जा रही थी। हालांकि, अब परिवहन विभाग ने स्वयं इस परियोजना को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है और निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। रोडवेज विभाग के पास सेक्टर-29 में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के निकट लगभग तीन एकड़ भूमि उपलब्ध है। पिछले करीब एक दशक से यहां आधुनिक बस टर्मिनल विकसित करने की योजना पर काम चल रहा था, जिसे अब गति मिलने की उम्मीद है।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
यह परियोजना फरीदाबाद के एनआईटी स्थित बस पोर्ट (बस टर्मिनल) की तर्ज पर विकसित की जाएगी। बस पोर्ट में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, आधुनिक टिकटिंग सुविधाएं, फूड कोर्ट, शॉपिंग स्पेस और मल्टीप्लेक्स जैसी सुविधाएं होंगी। इसके अलावा बेसमेंट में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रदेश सरकार अब नए बस डिपो को बस पोर्ट के रूप में विकसित करने की नीति पर काम कर रही है, जिसके तहत यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मेट्रो और बस सेवाएं एकीकृत होंगी
परियोजना पूरी होने के बाद सेक्टर-29 गुरुग्राम के प्रमुख परिवहन केंद्रों में शामिल हो जाएगा। बस टर्मिनल के निकट दिल्ली मेट्रो का मिलेनियम सिटी सेंटर स्टेशन मौजूद है, जबकि प्रस्तावित गुरुग्राम मेट्रो का प्रमुख स्टेशन भी इसी क्षेत्र में विकसित किया जाना है। ऐसे में यह स्थान मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित होगा। वर्तमान में गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड की ओर से गुरुगमन सिटी बस सेवा में 150 बसें विभिन्न रूटों पर चल रही हैं। पीएम ई-बस सेवा के तहत 100 इलेक्ट्रिक एसी बसें जल्द शामिल होंगी। जबकि, वर्ष 2027-28 तक 300 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की योजना है।
-
सेक्टर-29 में विकसित होने वाले मॉडर्न बस टर्मिनल में परिवहन सुविधाओं के साथ व्यावसायिक गतिविधियों का भी संचालन किया जाएगा। यहां लोगों को एक ही छत के नीचे बस सेवाओं के साथ शॉपिंग, मल्टीप्लेक्स, रेस्टोरेंट और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। पीपीपी आधार पर परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए निविदा जारी कर दी गई है। -अरविंद शर्मा, उप परिवहन नियंत्रक, चंडीगढ़