- पुश्तैनी जमीन बेचकर की बेटी की शादी की तैयारी, ऐन मौके पर दूल्हा लापता
- नंबर गेम - 20 नवंबर को शादी के लिए वाटिका में सभी तैयारियां पूरी
- पिता की मौत के बाद मां और भाई ने मजदूरी कर जुटाई थी शादी की रकम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। फर्रुखनगर क्षेत्र में शादी के दिन दूल्हे के अचानक लापता होने से दुल्हन और उसके परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। 20 नवंबर को शादी के लिए वाटिका में सभी तैयारियां पूरी थीं। रिश्तेदार और ग्रामीण भी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठकर बरात का इंतजार करती रही, लेकिन रात तक दूल्हा नहीं पहुंचा। लड़की पक्ष का दावा है कि शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे। परिवार ने बेटी की शादी के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी थी।
मुबारिकपुर गांव की लड़की का रिश्ता कालियावास निवासी नरेश के साथ तय हुआ था। गांव के सरपंच सतबीर सिंह के अनुसार, 18 नवंबर को लगन की रस्म हुई थी और 20 नवंबर को शादी होनी निर्धारित थी। शादी वाले दिन वाटिका में रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में कार्यक्रम चल रहा था। शाम करीब छह बजे कन्यादान की रस्म भी पूरी कर दी गई, लेकिन रात नौ बजे तक बरात नहीं पहुंची। इसके बाद लड़की पक्ष के परिजन सरपंच को साथ लेकर दूल्हे के घर पहुंचे। वहां नरेश नहीं मिला।
मां के फोन पर भेजा था संदेश-
सरपंच के अनुसार, दूल्हे के परिवार ने बताया कि वे नरेश की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाने थाने गए हैं। बाद में पता चला कि नरेश घर से बिना बताए चला गया है। उसने अपनी मां के फोन पर संदेश भेजा था कि वह चार-पांच दिन बाद वापस लौटेगा। हालांकि, उसके अचानक चले जाने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
मजदूरी कर परिवार पालती है मां-
सरपंच सतबीर सिंह ने बताया कि लड़की के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसका 20 वर्षीय भाई सन्नी मजदूरी करता है, जबकि मां भी मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती है। बेटी की शादी के लिए परिवार ने पुश्तैनी जमीन बेचकर रकम जुटाई थी। लड़की पक्ष के मुताबिक, शादी की तैयारियों में करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
लड़की ने शिकायत में लगाए आरोप-
घटना के बाद लड़की गहरे सदमे में है और परिजनों से भी बातचीत नहीं कर रही है। उसने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 20 नवंबर को 15 से 20 लोग उनके गांव पहुंचे और परिवार को परेशान किया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों को 26 नवंबर को थाने में पेश होने के लिए बुलाया है।
कोट-
फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में बरात लेकर आने वाला दूल्हा फरार होने का मामला सामने आया है। परिजनों की ओर से मिली शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। - मनोज, एसीपी पटौदी, गुरुग्राम