संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। केआईआईटी वर्ल्ड स्कूल में सीबीएसई की ओर से प्रोफेशनल रिसोर्स पर्सन (पीआरपी) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय कंप्यूटेशनल थिंकिंग रहा। इसमें बच्चों में तार्किक सोच, समस्या को समझने और उसका समाधान खोजने की क्षमता विकसित करने के तरीकों पर चर्चा की गई। कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों को आसान और रोचक तरीके से यह कौशल सिखाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के 60 शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में सीबीएसई गुरुग्राम की सहायक प्रोफेसर, संयुक्त निदेशक एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रमुख थुषारा के. भी मौजूद रहीं। उन्होंने सत्र के अंत में कार्यक्रम से मिली सीख और प्रमुख विचारों को साझा किया। उन्होंने शिक्षकों को इन तरीकों को कक्षा में अपनाने और विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में नोएडा की जिला समन्वयक और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़ी डॉ. वीना मिश्रा तथा ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित द मंथन स्कूल की प्रिंसिपल पूनम कुमार मेंदिरत्ता ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि बच्चों में तार्किक सोच, समस्या समाधान, चीजों के बीच समानता पहचानने और नए विचार विकसित करने की क्षमता किस तरह बढ़ाई जा सकती है। कार्यक्रम में शिक्षकों को बताया गया कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर सवाल पूछने, चीजों को समझने और अपनी सोच से समस्याओं का समाधान खोजने के अवसर दिए जाएं। रोजमर्रा की गतिविधियों और कक्षा अभ्यास के माध्यम से इन क्षमताओं को विकसित करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।