गुरुग्राम। पत्नी के अवैध संबंध से परेशान 28 साल के युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वह सेक्टर-50 के एक निजी स्कूल में सुपरवाइजर की नौकरी करता था। स्कूल परिसर में ही उसने फंदे से लटक जान दे दी। सुसाइड नोट में उसने पत्नी के अवैध संबंधों और सास का भी इसमें साथ देने का आरोप लगाया। मंगलवार को सेक्टर-50 थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार मामला सोमवार शाम का है। सेक्टर-50 क्षेत्र के स्थित लोटस वैली स्कूल में सुपरवाइजर के आत्महत्या करने की सूचना मिली। सेक्टर-50 थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्कूल के स्टोर रूम में फंदे से लटका हुआ था। मृतक की पहचान एमपी के पन्ना निवासी 28 साल के अखिलेश कुमार पटेल के तौर पर हुई।
उसके पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें उसने अपनी पत्नी के तीन युवकों सोनू, अकरम व सुमित से अवैध संबंध होने के बारे में लिखा था। विरोध जताया तो वह नहीं मानी। फिर सास को बताया तो वह भी उल्टे हमें ही धमकाने लगी। मोबाइल में सुबूत के तौर पर मेसेज व फोटो हैं। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई मारुति कुंज में रहने वाले राम अवतार की शिकायत पर मंगलवार को पत्नी व सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। शव का पोस्टमार्टम करा परिवार के हवाले कर दिया गया है।