पार्कों की लाइटों का भी यही हाल, दुर्घटनाओं और अपराध की आशंका से सहमे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के कई हिस्सों में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। पार्कों की लाइटों का भी लगभग यही हाल हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खास तौर पर महिलाओं को इससे ज्यादा दिक्कत आ रही है। अबतक सेक्टरों में यह परेशानी थी अब मुख्य सड़कों की भी खराब स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त नहीं की जा रही हैं।
लोगों ने बताया कि शिकायत के बाद भी स्ट्रीट लाइटें ठीक नहीं की जा रही है। बताया जा रहा है कि नगर निगम का स्ट्रीट लाइटों को लगाने और रखरखाव करने वाली कंपनी से करार खत्म हो चुका है। इस कारण ये दिक्कतें आ रही हैं।
न्यू रेलवे रोड पर भी नहीं जल रही स्ट्रीट लाइट
रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, सेक्टर 4, 5, 3, 7, 9 अशोक विहार, दौलताबाद, राजेंद्रा पार्क आदि को सदर बाजार से जोड़ने वाले न्यू रेलवे रोड पर कई स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही हैं। रूपा पटेल और राजेश पटेल ने बताया कि न्यू रेलवे रोड पर सेक्टर 4 -7 चौक से लेकर द्रोणाचार्य जांगिड़ स्कूल तक करीब डेढ़ किमी की सड़क पर मंगलवार रात को अंधेरा था। इस मुख्य सड़क पर कई स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही थी। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर केवल वाहनों की रोशनी से काम चल रहा था।
2 सितंबर ने नहीं जल रही स्ट्रीट लाइटें, शिकायत का समाधान नहीं
सेक्टर 3, 5 और 6 की अधिसंख्य स्ट्रीट लाइटों के खराब होने से सेक्टर में अंधेरा पसरा रहता है। इससे लोगाें को खास तौर पर महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सेक्टर की निवासी रितू कटारिया ने बताया कि शाम होते ही सेक्टर के कई हिस्सों में अंधेरा पसर जाता है। कई महिलाएं कार्यालय से आने के बाद पार्कों में टहलने या सेक्टर मार्केट से सामान लाने जाती थी। आजकल वे पैदल कहीं भी नहीं निकल सकती है। सेक्टर के पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि नगर निगम से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। पिछले 2 सितंबर से सेक्टरों की अधिसंख्य स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही हैं।
सेक्टर 31 में नहीं जल रही है स्ट्रीट लाइटें
नगर निगम की स्ट्रीट लाइट की देखरेख वाली कंपनी के ठेके की मियाद पूरी होते के बाद नया टेंडर नहीं हुआ है। इसका खामियाजा सेक्टरों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम बंद है। सेक्टर 31 के निवासियों ने स्ट्रीट लाइट नहीं जलने के कारण होने वाली परेशानियों के बारे में निगम को लिखा है। लोगों का कहना है कि इससे अपराधियों को पनाह मिलती है। महिलाओं को इन सड़कों से गुजरने में भय महसूस हो रहा है। सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बीएस यादव और महासचिव अरविंद चड्ढा ने बताया कि मकान संख्या 75 से 82, 216, 217, 242, 243, 280, 293, 312, 343, 354, 464, 469, 644, 712, 744, 766, 915, 930, 1282 की लाइन और सामुदायिक भवन के आस-पास की स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इन इलाकों में रात के वक्त बिल्कुल अंधेरा हो जाता है। लोगों को आवाजाही में बहुत डर महसूस होता है। सितंबर से नगर निगम के स्ट्रीट लाइट की देखरेख करने वाली कंपनी से करार खत्म हो चुका है। इस कारण स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
सेक्टर 21, 22, 23, 23 ए और पालम विहार की स्ट्रीट लाइटें खराब
सेक्टर 21, 22, 23, 23 ए और पालम विहार की स्ट्रीट लाइटें और पार्क की लाइटें खराब हो गई है। लोगों का कहना है कि इलाके की कई स्ट्रीट लाइटें खराब हैं मरम्मत नहीं हो पा रही है। सेक्टर 4 के कई हिस्से में स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई हैं। नीलकंठ सोसाइटी की योगिता कटारिया ने बताया कि मार्केट के पास कई हिस्से में रात को अंधेरा हो जाता है। सेक्टर में मकान संख्या 800 की लाइन में भी कई जगह स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से अंधेरा पसरा है।