गुरुग्राम। जिले के सरकारी स्कूलों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। योजना के तहत जिले के 100 से अधिक सरकारी स्कूलों की छतों पर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इसके लिए स्कूल भवनों की छतों की क्षमता का तकनीकी सर्वे कराया जाएगा। निरीक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार कर पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।
अधिकारियों के अनुसार, जिन स्कूलों की छतें उपयुक्त पाई जाएंगी, वहां एक से पांच किलोवाट क्षमता तक के सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इससे स्कूलों में पंखे, कूलर, कंप्यूटर और अन्य विद्युत उपकरणों के संचालन पर होने वाले बिजली खर्च में कमी आएगी। बिजली बिल पर होने वाली बचत का उपयोग स्कूलों में अन्य शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर किया जा सकेगा। शिक्षा विभाग के अनुसार, हरियाणा विद्यालय शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से स्कूलों का डेटा जुटाने की प्रक्रिया चल रही है। प्रारंभिक चरण में प्रदेश के करीब 300 सरकारी स्कूलों को इस योजना से जोड़ने की तैयारी है। जिला शिक्षा अधिकारी इंदु बोकेन ने बताया कि स्कूलों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे बिजली खर्च कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। संवाद