- 72 दुकानों के टीन शेड किए ध्वस्त, व्यापारियों में मची अफरातफरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना मार्केट कमेटी ने मंगलवार को अनाज मंडी में करीब 72 दुकानों के टीन शेडों को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा लोगों द्वारा लगाए खोखों व तख्तों को भी जब्त कर लिया। मार्केट कमेटी विभाग की टीम सुबह जैसे ही अनाज मंडी में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची तो लोग दुकानों व आढ़तों के बाहर लगे टीन शेडों को उतारने लगे। विभाग ने दो हाइड्रा व दो जेसीबी का इस्तेमाल कर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस के जवान भी मौजूद रहे।
टीम की कार्रवाई को लेकर लोगों ने विरोध किया लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान नियमित रूप से चलता रहेगा। इस अवसर पर मार्केट कमेटी सचिव नरेश यादव, अकाउंटेंट प्रदीप शर्मा, सतपाल सैनी आदि मौजूद रहे।
बता दें कि विभाग ने करीब डेढ़ माह के अंतराल में तीन बार लिखित नोटिस दिया था, किंतु लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। लोगों ने स्थानीय विधायक तेजपाल तंवर के दरबार में भी गुहार लगाई थी। मार्केट कमेटी के सचिव नरेश यादव ने कहा कि अनाज मंडी को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।