बूचड़खाने का एसडीएम ने विभिन्न विभागों के साथ किया निरीक्षण, होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी पिनगवां।
खंड के सटकपुरी गांव के समीप बने बूचड़खाने के खिलाफ क्षेत्र के लोगों की नाराजगी बढ़ते देख गुरुवार को एसडीएम पुन्हाना कुंवर आदित्य कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर निरीक्षण किया। इस दौरान फेयर एक्सपोर्ट मीट फैक्टरी का सभी विभागों ने बारीकी से जायजा लिया। एसडीएम कुंवर आदित्य कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण टीम में पशु पालन विभाग के डीडीए वीरेंद्र सहरावत, एसएमओ डॉ. यावर लुकमान व पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।
टीम ने मीट फैक्ट्री में स्वच्छता व्यवस्था, वायु व जल प्रदूषण की स्थिति तथा पशु कल्याण से जुड़े पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान आसपास फैल रही दुर्गंध के कारणों का भी अध्ययन किया गया और मौके से सैंपल लेकर जांच हेतु भेजे गए। एसडीएम कुंवर आदित्य कुमार ने बताया कि निरीक्षण के बाद प्लांट की कमियों को दूर करने के सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर जिला उपायुक्त को भेज दी जाएगी ।
मांड़ीखेड़ा व जलालपुर के बुचड़खानों के भी लिए जा चुके हैं सैंपल-
इससे पहले फिरोजपुर झिरका एसडीएम लक्ष्मी नारायण के नेतृत्व में मांड़ीखेड़ा व जलालपुर गांव में बने बुचड़खानों का विभिन्न विभागों की टीमों ने निरीक्षण किया और सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। जिला उपायुक्त के आदेशों के बाद लगातार बूच़डखानों पर कार्रवाई की जा रही है और उनकी बारीकी से जांच की जा रही है।
बुचड़खानों के खिलाफ हो रही पंचायतें -
जिले में संचालित बूच़डखानों से फैल रहे प्रदूषण के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी खुले में फेंके जाने से कई तरह की बीमारियां लोगों को अपना शिकार बना रही हैं। इसीलिए जगह-जगह लोग पंचायत कर बुचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई व उन्हें बंद कराने की मांग कर रहे हैं।