गुरुग्राम। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने तथा सोलर प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुगम बनाने की दिशा में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगम ने रूफटॉप सोलर के लिए आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को नेट मीटर एवं ऑटो लोड एन्हांसमेंट से संबंधित शुल्क आवेदन के समय अग्रिम रूप से जमा करने अथवा सोलर प्लांट के कमीशन होने के बाद जारी होने वाले पहले बिजली बिल में जमा करने का विकल्प प्रदान किया है।
यह निर्णय उपभोक्ता सुविधा के साथ-साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निगम द्वारा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के विस्तार और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बिजली निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जारी निर्देशों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। डीएचबीवीएन का यह कदम प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के साथ-साथ रूफटॉप सोलर को अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने, अक्षय ऊर्जा को प्रोत्साहित करने तथा स्वच्छ और हरित ऊर्जा के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संवाद