घर में सो रहे युवक को जगाकर मारी गोली, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खोड़ गांव में घर में घुसकर दो युवकों ने एक व्यक्ति को जगाकर गोली मार दी। गोली माथे से छूती हुई निकल गई। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने अपने बयान में किसी भी तरह की रंजिश से इनकार किया है। पटौदी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार घर में घुसकर हत्या के प्रयास की वारदात सोमवार देर रात करीब 12 बजे की है। गांव खोड़ निवासी वीरेंद्र ने बताया कि एक महीने पहले वह नरहेड़ा गांव में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसे छोड़ने के बाद पत्नी मनीषा के साथ सैनी मोहल्ला छोटा बाजार में कपड़े की दुकान चलाता है। सोमवार को पत्नी के साथ बाजार से दुकान खाली कर वह वहां रखे कपड़े अपने घर ले आए, ताकि घर पर ही कपड़े बेचने का काम कर सकें। रात को दंपती सात साल के बेटे के साथ सो रहे थे। मुख्य दरवाजे की कुंडी बंद थी, लेकिन कमरे के दरवाजा खुला था।
पीड़ित ने बताया कि रात करीब 12 बजे उसे किसी ने जगाया। आंख खुली तो दो युवक उसके बिस्तर के बगल में खड़े थे, जिन्हें देखकर वह घबरा गया। दोनों ने धमकी देकर कहा कि तू नहीं सुधरेगा और यह कहकर गोली चला दी। गोली माथे को छूकर निकल गई। आवाज सुनकर नींद से जागी पत्नी ने शोर मचाया तो दोनों युवक बाहर भाग गए। गोली लगने से उसके माथे से खून निकलने लगा। इस दौरान बगल के मकान से वीरेंद्र का भाई बिजेंद्र आ गया और उसे निजी अस्पताल ले गया। वारदात की सूचना मिलते ही पटौदी थाना पुलिस व फर्रुखनगर अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची। घायल ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह हमलावरों को नहीं जानता। उसकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। अपराध शाखा की टीम ने मामले की छानबीन करते हुए झज्जर के रहने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया है।