सोहना-नूंह मार्ग पर भिरावट गांव के पास हुई मुठभेड़, दो साथी भाग निकलेअमर उजाला ब्यूरो/ संवाद
गुरुग्राम/तावड़ू। गोतस्करी और एटीएम उखाड़कर चोरी के मामलों में वांछित शाहिद उर्फ आडवाणी को नूंह क्राइम ब्रांच ने बृहस्पतिवार तड़के सोहना-नूंह मार्ग पर भिरावट गांव के पास मुठभेड़ में मार गिराया।
पुलिस के अनुसार, शाहिद पर विभिन्न प्रदेशों में 70 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। वह वर्ष 2018 में गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की हिरासत से फरार होने के बाद से गिरफ्तारी से बच रहा था। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने थार गाड़ी से गोवंश को मुक्त कराकर गोशाला भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि शाहिद अपने दो साथियों के साथ काले रंग की थार में गोवंश को भरकर ले जा रहा है। इसपर टीम ने उसका पीछा किया और भिरावट गांव के पास गाड़ी को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में शाहिद घायल हो गया, जबकि उसके दोनों साथी भाग निकले। पुलिस उसे सोहना अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिवारवालों ने फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया : शाहिद की मौत की सूचना मिलने पर उसके परिवारवालों ने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ में हत्या करने का आरोप लगाया। विरोध में परिजन नूंह के नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में धरने पर बैठ गए। उन्होंने मुठभेड़ में शामिल क्राइम ब्रांच कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। इस दौरान हंगामा भी हुआ। सूचना मिलने पर तावडू के डीएसपी और एसडीएम मौके पर पहुंचे और परिवारवालों से बातचीत की। हालांकि, देर शाम तक गतिरोध बना रहा। एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि शाहिद और उसके फरार साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
शाहिद की मौत की सूचना पर युवती ने खुद को गोली से उड़ाया
शाहिद की मौत की खबर उसके गांव खरखड़ी पहुंचने के बाद एक अन्य घटना सामने आई। उसके दोस्त इकबाल की 20 वर्षीय बेटी अरबीना ने कथित तौर पर अवैध पिस्तौल से अपने पेट में गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। इकबाल भी जेल में बंद है। अरबीना के चाचा जुनैद उर्फ जुन्ना का अपना गिरोह बताया जाता है, जिसे शाहिद के विरोधी गिरोह के रूप में जाना जाता है।