नगर निगम मानेसर की पहल... सभी वार्ड में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे, टीम कर रहीं सर्वें
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अब मुख्य चौक-चौराहों और जरूरी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए निगम की टीम अलग-अलग क्षेत्रों का सर्वे कर रही है। सर्वे के बाद उन स्थानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां कैमरों की सबसे ज्यादा जरूरत है।
निगम की योजना के अनुसार, मानेसर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों से केवल सुरक्षा व्यवस्था पर ही नजर नहीं रखी जाएगी, बल्कि सफाई व्यवस्था की निगरानी भी की जाएगी। जिन स्थानों पर लोग खुले में कचरा डालते हैं या बार-बार गंदगी फैलाते हैं, वहां कैमरों के जरिये निगरानी रखी जाएगी। कैमरों की फुटेज से नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान कर निगम की टीम उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई भी कर सकेगी। इसके अलावा चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं वाले स्थानों पर भी कैमरों से निगरानी रखने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों पर भी रहेगा जोर
मानेसर के कई ग्रामीण क्षेत्रों में अभी पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। ऐसे में चोरी और अन्य घटनाओं के बाद लोगों को परेशानी होती है। निगम की योजना में इन क्षेत्रों को भी शामिल किया जा रहा है। कैमरों की निगरानी के लिए अलग कंट्रोल रूम बनाने की भी तैयारी है। यहां से सभी कैमरों की फुटेज पर नजर रखी जाएगी।
-
सीसीटीवी कैमरे लगाने से सुरक्षा के साथ सफाई व्यवस्था पर भी नजर रखने में मदद मिलेगी। सर्वे पूरा होने के बाद कैमरों के स्थान तय किए जाएंगे। सभी वार्डों को योजना में शामिल किया जाएगा। -
वासु बग्गन, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम मानेसर
मानेसर में बढ़ती आबादी के साथ सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। सीसीटीवी कैमरों से लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा। निगम का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा महत्वपूर्ण स्थान कैमरों की निगरानी में आएं। -
डॉ. इंद्रजीत कौर यादव, मेयर, नगर निगम मानेसर