नौवीं से 12वीं कक्षा में दाखिले की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नौवीं से 12वीं कक्षा में दाखिला लेने से वंचित विद्यार्थियों को राहत मिली है। शिक्षा निदेशालय ने सरकारी और निजी स्कूलों में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 31 अगस्त तक स्कूलों में प्रवेश ले सकेंगे। यह निर्णय उन विद्यार्थियों के लिए है जो किसी कारणवश निर्धारित समय में दाखिला नहीं ले पाए थे। स्कूल प्रबंधन को ऐसे विद्यार्थियों की पहचान कर अभिभावकों से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी से संबद्ध सभी सरकारी और निजी स्कूलों में यह प्रक्रिया जारी रहेगी। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्हें अपने जिले के स्कूलों को बढ़ी हुई समय सीमा की जानकारी देने को कहा गया है। दाखिले की तारीख बढ़ाने का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इससे उनकी पढ़ाई बीच में छूटने की स्थिति को रोकने में मदद मिलेगी।
जिला शिक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया की निगरानी करने को कहा गया है। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि पात्र विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो। स्कूलों को भी निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी करनी होगी। गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति स्कूलों में दाखिले सीबीएसई के दिशा-निर्देशों के अनुसार होंगे। इन स्कूलों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को सीबीएसई के नियमों का पालन करना होगा।
विभाग का मानना है कि समय पर दाखिला नहीं मिलने के कारण कई विद्यार्थी पढ़ाई से दूर हो सकते हैं। ऐसे में अतिरिक्त समय मिलने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को दाखिले की प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा। स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों के दाखिले की जानकारी भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपडेट की जाएगी।
क्रेडिट सिस्टम को लागू करने की प्रक्रिया अभी चल रही है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ कौशल विकास, प्रैक्टिकल, खेल और अन्य गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी क्रेडिट मिल सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में सीखने का अवसर मिलेगा। -लाल सिंह, शिक्षक, केंद्रीय विद्यालय, सेक्टर-14