एसडीएम के नोटिस पर नहीं पहुंचे ग्राम सचिव, सहायक, एबीपीओ व जेई
28 सितंबर को नोटिस देकर बुलाया, होगी कार्रवाई
राजूद्दीन जंग
नगीना। शिकायतों के बावजूद महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून में हो रहे घोटाले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसी ही शिकायतें ग्राम पंचायत कुलताजपुर कलां की हैं, जहां लाखों रुपये केवल फर्जी जॉब कार्ड बनाकर निकाले गए हैं।
कई रास्ते ऐसे हैं, जिनकी तीन बार पेमेंट हो चुकी है। यहां जांच फिरोजपुर झिरका की उपमंडल अधिकारी कर रही हैं। उन्होंने नोटिस देकर 20 सितंबर को पूर्व सरपंच इंसाफ, सहायक इखलास, ग्राम सचिव कैलाश, एबीपीओ साजिद खान, जूनियर इंजीनियर, ठेकेदार को बुलाया था, लेकिन केवल पूर्व सरपंच व शिकायतकर्ता हाजिर हुए। इससे साफ हो गया है कि घोटालेबाज जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। मामले में अब 28 सितंबर को दोबारा सुनवाई होनी है। सवाल उठता है कि आखिरकार घोटालेबाज किसके इशारे पर घोटाले करने में जुटे हैं और नोटिस देकर बुलाने पर भी यह क्यों हाजिर नहीं होते हैं। हालांकि उपमंडल अधिकारी ने अगली बार हाजिर नहीं होने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
शिकायतकर्ता इकबाल पुत्र नूर मोहम्मद गांव पटाकपुर ने अपनी ग्राम पंचायत कुलताजपुर कलां में कई साल पहले मृत मुस्ताक व दीन मोहम्मद के जॉब कार्ड पर मृत्यु के बाद तक रुपये निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी कड़ी में पूर्व सरपंच इंसाफ की धर्मपत्नी शहनाज आंगनबाड़ी वर्कर का जॉब कार्ड भी बना है और 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों के जॉब कार्ड बने हुए हैं। खामियों को देखते हुए जांच के लिए मुख्यमंत्री, पंचायत राज मंत्री, लोकायुक्त, पंचायत निदेशक, एसडीएम व अन्य को शिकायतें दी गई थीं, जिन पर तेजी से कार्रवाई चल रही है। इसी गांव कुल्ताजपुर कलां के ईसराईल का आरोप है कि वर्तमान सरपंच साजिदा व उसके पति वसीम ने मस्टरोल नंबर 1064, 1065, 1066, 1067 और वर्क नंबर 35682 के अंतर्गत लाखों रुपये का घोटाला ठेकेदार जुबेर खान के साथ मिलकर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिरोजपुर झिरका की उपमंडल अधिकारी डॉक्टर चिनार चहल ने कहा कि नोटिस देकर सभी को दोबारा बुलाया गया है। इस बार गैरहाजिर होने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।